
उदित वाणी,झारखंड : चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रेनों की लेटलतीफी थमने का नाम नहीं ले रही है। यात्रियों की लगातार शिकायतों के बावजूद स्थिति में कोई खास सुधार नहीं दिख रहा है। शुक्रवार को भी कई प्रमुख ट्रेनें निर्धारित समय से काफी देर से टाटानगर स्टेशन पहुंचीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लेट चलने वाली ट्रेनों में गीतांजलि एक्सप्रेस, अहमदाबाद एक्सप्रेस, कुर्ला एक्सप्रेस, साउथ बिहार एक्सप्रेस, छपरा एक्सप्रेस और एर्नाकुलम एक्सप्रेस समेत कई अन्य गाड़ियां शामिल रहीं। यात्रियों का आरोप है कि रेलवे मालगाड़ियों को प्राथमिकता दे रहा है, जिसके कारण पैसेंजर ट्रेनों को बार-बार छोटे स्टेशनों, केबिन या आउटर पर रोक दिया जाता है।
स्थिति इतनी खराब हो गई है कि महज 40 से 50 किलोमीटर की दूरी तय करने में ट्रेनों को तीन से चार घंटे तक का समय लग रहा है। इससे दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और लंबी दूरी के यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
यात्री सोशल मीडिया और स्टेशन की शिकायत पुस्तिका में लगातार अपनी नाराजगी दर्ज करा रहे हैं, लेकिन रेलवे प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

