
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना पुलिस ने मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 88 किलो डोडा चूरा के साथ एक अधेड़ व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलराम महतो (56) के रूप में हुई है, जो गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित हिन्दू बस्ती, लाइन नंबर 2 का निवासी है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 88 किलो डोडा चूरा और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है.
मामले का उद्भेदन करते हुए सिटी डीएसपी सुनील कुमार चौधरी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ का भंडारण और कारोबार किया जा रहा है. सूचना के आधार पर 10 फरवरी को दोपहर 12:40 बजे बलराम महतो की राशन दुकान में छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान दुकान के अंदर प्लास्टिक के बोरों में छुपाकर रखे गए कुल 256 पैकेट डोडा चूरा बरामद किए गए.
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद दुकानदार बलराम महतो को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को जब्त करते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. डीएसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है.
फिलहाल गिरफ्तार अधेड़ को जेल भेज दिया है. पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों और सप्लाई चेन की जांच में जुटी हुई है. इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है.

