
उदित वाणी,झारखंड : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने बताया कि दुनियां के सबसे बड़े राजनैतिक दल, भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस 6 अप्रैल को पूरे देश सहित झारखंड में भी धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया जाएगा.
पार्टी की विशेष रूपरेखा और तैयारी
साहू ने कहा कि भाजपा पार्टी “विद डिफरेंस” है और यह राजनीति नहीं बल्कि राष्ट्रनीति पर चलती है. भारतीय जनसंघ रूपी पौधा करोड़ों कार्यकर्ताओं के त्याग, परिश्रम और तपस्या से विशाल वृक्ष बन गया है. भाजपा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के वैभव को विश्व में पुनर्स्थापित करने के साथ-साथ सभी वर्ग और क्षेत्र के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने का माध्यम बन चुकी है.
स्थापना दिवस के लिए पार्टी ने तिथिवार रूपरेखा तैयार की है और सभी जिलों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पांच सदस्यीय प्रदेश टोली के अलावा जिलावार टोली का गठन किया गया है.
स्वच्छता अभियान और सजावट
05 अप्रैल को बूथ, मंडल, जिला और प्रदेश कार्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई और सजावट करने का निर्देश दिया गया है. महिला मोर्चा कार्यालयों में मुख्य द्वार पर फूल और रंगोली से सजावट सुनिश्चित करेगा.
ध्वज फहराना और स्थानीय आयोजन
06 एवं 07 अप्रैल को सभी कार्यकर्ताओं को अपने घरों पर पार्टी का नया ध्वज फहराने और सभी बूथों पर झण्डा फहराकर स्थापना दिवस मनाने का निर्देश दिया गया है. जिला मुख्यालय में दोपहर 12 से 04 बजे तक झण्डोतोलन के साथ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. मण्डल के अंतर्गत आनेवाले सभी चौक, चौराहों और चट्टी बाजारों में पार्टी का बड़ा झण्डा लगाया जाएगा. कार्यकर्ताओं को सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर प्रचार-प्रसार करने का भी निर्देश दिया गया है.
सक्रिय सदस्य सम्मेलन और विकास यात्रा
08 एवं 09 अप्रैल को जिला मुख्यालय में सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. इसमें तीन वक्ताओं द्वारा भाजपा के संगठनात्मक विस्तार, चुनावी सफलता में जन समर्थन, सेवा भाव, अंत्योदय, विकासोन्मुख राजनीति और राष्ट्र प्रथम की भावना पर चर्चा होगी. साथ ही केंद्र सरकार द्वारा किए गए उल्लेखनीय और ऐतिहासिक कार्यों पर भी विचार विमर्श किया जाएगा.
गांव और बस्ती चलो अभियान
10 से 12 अप्रैल तक बूथ से लेकर वार्ड सदस्य, मुखिया, प्रमुख, जिला परिषद् सदस्य, नगर परिषद्, महापौर, उप महापौर, सांसद, विधायक, प्रदेश और जिला पदाधिकारी सभी चुने गये प्रतिनिधि विधानसभा के 50 गाँवों में अभियान चलाएंगे. इसमें सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता कार्यक्रम, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान, बुद्धिजीवी और गणमान्य व्यक्तियों से संपर्क एवं उनके सम्मान, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर चर्चा, और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजनाओं के लाभार्थियों से जनसंपर्क जैसे कार्यक्रम शामिल हैं.

