
उदित वाणी, जमशेदपुर: अभया बनर्जी फाउंडेशन द्वारा आयोजित 17वां वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम “अभिव्यक्ति” रवीन्द्र कलामंदिर सभागार में भव्य और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. कार्यक्रम में शहर के गणमान्य लोगों के साथ बड़ी संख्या में दर्शकों की उपस्थिति रही.

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती स्वस्तिका बसु (प्रबंध निदेशक, जामिपोल) और विशिष्ट अतिथि श्री प्रवीण हेगड़े (सीएफओ, JCAPCPL) उपस्थित रहे. इसके बाद फाउंडेशन की गतिविधियों और सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए दो विशेष वीडियो प्रस्तुत किए गए, जिन्हें श्री वी. मुरली मनोहर ने तैयार किया था.
फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. जहर बनर्जी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था के सामाजिक कार्यों और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला. इस दौरान समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच व्यक्तियों—श्रीमती सरिता ठाकुर, मुन्ना कुमार, सी. गणेश राव, एकता लोहरा और नीलम साकरे—को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया.

मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि ने अपने संबोधन में फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की और समाज के विशेष एवं वंचित बच्चों के समर्थन के लिए आगे आने का आह्वान किया. कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन श्री मनीष जैन ने किया.
सांस्कृतिक संध्या के अंतर्गत गीत, नृत्य और योग की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया. इसमें अभया आदर्श शिक्षा केंद्र, नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड, दिव्यज्योति नेत्रहीन संस्थान, सिद्धेश्वर मूक-बधिर विद्यालय, आशा किरण स्कूल, एस्पायर, पेरेंट्स एसोसिएशन फॉर द हैंडीकैप्ड, ज्ञानोदय नोबल अकादमी और स्कूल ऑफ होप के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया.
कार्यक्रम की सफलता में श्रीमती वंदना जैन, श्री मनीष जैन और श्री वी. मुरली मनोहर के अथक प्रयासों का विशेष योगदान रहा. इसके साथ ही श्रीमती तमाली चक्रवर्ती एवं टैगोर एकेडमी के इंटरैक्ट क्लब के सदस्यों का भी सराहनीय सहयोग मिला. कार्यक्रम का संचालन संहिता लाहिड़ी ने कुशलतापूर्वक किया. कुल मिलाकर “अभिव्यक्ति” ने एक बार फिर समाज में समावेशिता, प्रतिभा और संवेदनशीलता का सुंदर संदेश दिया.

