
उदित वाणी, जमशेदपुर : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र स्थित साकरा में मंगलवार दोपहर केनरा बैंक शाखा में दिनदहाड़े डकैती की बड़ी वारदात सामने आई। दोपहर करीब 1:50 बजे नकाबपोश अपराधी बैंक में घुस आए और हथियार का भय दिखाकर करीब 12,96,800 रुपये लूट लिए। घटना के दौरान अपराधियों ने एक ग्राहक से सोने की चेन और अंगूठी भी छीन ली। अचानक हुई इस वारदात से बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात 6 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी तथा लूटी गई रकम और सामान बरामद कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।

