
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गाढ़ाबासा में तंत्र विद्या के चक्कर में 20 वर्षीय युवक अजय की हत्या मामले ने तूल पकड़ लिया है। सोमवार देर रात हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी तांत्रिक और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया था। वहीं बुधवार को मृतक अजय के परिजन और स्थानीय बस्ती के लोगों ने गोलमुरी थाना पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की और आरोपियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा देने की गुहार लगाई। मृतक अजय की मां ने आंसू भरी आंखों से कहा—“तंत्र विद्या के नाम पर मेरे बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वह ही परिवार का सहारा था, अब हम मां-बेटी का गुजारा कैसे करेंगे।” उन्होंने प्रशासन से न्याय दिलाने की अपील की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तंत्र-मंत्र के नाम पर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और यह समाज को शर्मसार कर रहा है। उनका कहना है कि प्रशासन को इस तरह की कुप्रथाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

