
उदित वाणी, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम में अवैध खनन पर नियंत्रण के लिए उपायुक्त चंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की अहम बैठक आयोजित हुई. बैठक में जिला स्तर पर अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध विभिन्न स्तरों पर हुई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई.
राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों पर सख्ती जरूरी: उपायुक्त
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का अवैध खनिज या लघु खनिज उत्खनन, परिवहन व भंडारण राज्य के राजस्व को सीधा नुकसान पहुंचाता है. इसे तत्काल प्रभाव से रोका जाना आवश्यक है. उन्होंने निर्देश दिया कि हाटगम्हरिया और बलांडिया में स्थापित चेकपोस्ट को पूरी क्षमता के साथ नियमित रूप से संचालित किया जाए.
उपायुक्त ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर औचक जांच अभियान चलाने का आदेश भी दिया. साथ ही जिला खनन पदाधिकारी को जब्त बालू की नियमानुसार नीलामी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
एसपी ने घाट क्षेत्रों में लगातार छापेमारी के दिए निर्देश
पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने स्पष्ट रूप से कहा कि अंचल और थाना स्तर पर नियमित रूप से घाट क्षेत्रों में छापामारी होनी चाहिए. गोईलकेरा, सेरेंगदा, जैंतगढ़, घानापाली और मंझगांव जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए.
उन्होंने यह भी कहा कि बंद पड़ी खदानों में लौह अयस्क के भंडारण की समय-समय पर भौतिक सत्यापन किया जाए. इससे अवैध उत्खनन और चोरी की घटनाओं को रोका जा सकेगा.

