
उदित वाणी, जमशेदपुर: जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का नजारा आजकल बदला हुआ है. सुबह छह बजते ही शहर के हजारों बच्चों और उनके पैरेन्ट्स का सैलाब जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में उमड़ पड़ता है.
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दाखिल होते ही ऐसा लगता है कि आप नन्हें बच्चों के ओलंपिक खेल में आ गये हैं. कहीं बास्केटबॉल, वॉलीबाल, हैंडबॉल और बैंडमिंटन खेलते बच्चे तो कहीं रोलर स्केटिंग, कराटे, बॉक्सिंग और एथलेटिक्स की स्पर्धाओं में भाग लेते दिख जाएंगे बच्चे. उस पर जुम्बा पर झूमते बच्चे एक अलग नजारा पेश करते हैं.
विदेशी कोच से एथलेटिक्स सीख रहे आयुष बताते हैं-बहुत अच्छी तरह से ट्रेनिंग दी जा रही है. जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में ट्रेनिंग ले रहे आयुष ने बताया कि विदेशी कोच की ट्रेनिंग की टेक्निक और परफेक्शन कमाल के हैं.
वे हर स्टेप्स पूर्णता के साथ करते हैं. स्विंमिंग सीख रही नाव्या ने बताया कि पहली बार स्विमिंग पूल में दाखिल हुई. पहले तो डर लगा मगर जब सभी बच्चों को पूल में सीखते हुए देखा तो मजा आने लगा. जेआरडी में तीन हजार से ज्यादा बच्चों के साथ उनके पैरेन्ट्स भी आते हैं. वे बच्चों की गतिविधियों को देख खुद मोटिवेट होते हैं.
अनिल कुमार कहते हैं-बेटे को समर कैंप में लेकर आते हैं. यहां आने के बाद लगा कि हमें भी किसी न किसी खेल को खेलना चाहिए, क्योंकि इससे हेल्थ और फिटनेस बना रहता है.
मैं जेआरडी के अंदर ही जॉगिंग करना शुरू कर दिया हूं. जल्द ही स्विमिंग में दाखिला लूंगा. समर कैंप में शुक्रवार को खेल गतिविधियों के साथ विभिन्न सत्र का भी आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों को सीखने की तकनीक के साथ फोकस रहने के गुर बताए गए. प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षुओं को अपने खेल में और सुधार करने के कौशल विकास के सूक्ष्म टिप्स दिए.
30 मई तक चलेगा समर कैंप
30 मई तक चलने वाले इस कैंप का शुभारंभ 12 मई को हुआ था. इस बार समर कैंप में शहर के लगभग चार हजार बच्चे विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग लेने के साथ ही विभिन्न सत्रों का हिस्सा बन रहे हैं.
समर कैंप का पूरा लाभ उठाने के लिए बच्चों और माता-पिता के लिए हर दिन रोमांचक गतिविधियों और सत्रों का आयोजन हो रहा है. टाटा स्टील स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट के समर कैंप में बच्चों को नई सीख के साथ ही कौशल विकास के बारे में बताया जा रहा है.
इस बार पहली बार कैंप जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के अलावा टीजीएस गम्हरिया, डिमना वाटर स्पोर्ट्स, यूनाइटेड क्लब में एक्वा ज़ुम्बा, नवल टाटा हॉकी एकेडमी (एनटीएचए) और आईएसडब्ल्यूपी फीडर केंद्रों में हो रहा है.


