
उदित वाणी, रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पतरातू लेक रिसॉर्ट परिसर में पर्यटकों के लिए सुसज्जित व सुविधाओं से परिपूर्ण पर्यटन विहार, वीआईपी गेस्ट हाउस की सौगात दी तथा मुख्यमंत्री ने रामगढ़ जिला प्रशासन को पतरातू डैम कैचमेंट एरिया का सीमांकन कराने का भी निर्देश दिया.
इस अवसर पर आयोजित समारोह में उन्होंने लगभग 12 करोड़ 92 लाख रुपए की लागत से 6 योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास भी किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के पर्यटक स्थलों पर पर्यटकों को मूलभूत व जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है. इस अवसर पर मुुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड को प्रकृति ने खनिज-संपदा के अलावा यहां कई प्राकृतिक सौंदर्य, मनोरम व मनमोहक वादियां और धार्मिक स्थलों की भी आकर्षक सौगातें दी है.
देश दुनिया के सैलानियों को आकर्षित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा सभी पर्यटक स्थलों के विकास के लिए विशेष कार्य योजना बनाई जा रही है और उसे चरणबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जा रहा है.
जल्द मिलेगी रोपवे की वहीं राज्य सरकार के पर्यटन मंत्री हफीजुल हसन ने पतरातू डैम परिसर को एक पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किए जाने को लेकर उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि यहां आने वाले सैलानियों के लिए जल्द ही रोपवे का निर्माण किया जायेगा.
इसके अलावा पतरातू और नेतरहाट के लिए बस सेवा की भी शुरुआत की जायेगी. पतरातू डैम में वाटर एक्टिविटीज तथा वाटर स्पोर्ट्स भी नियमित रूप से आयोजित किए जायेंगे.


