
उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटा स्टील यूआइएसएल (पहले जुस्को) के कर्मचारियों के नौकरी के विरुद्ध उनके एक आश्रित को नौकरी देने की स्कीम जॉब फॉर जॉब को लाने पर प्रबंधन विचार कर रहा है.
स्कीम की शर्तों को लेकर प्रबंधन यूनियन के साथ बात कर रहा है. कर्मचारी एलटीसी पर भी बातचीत जारी है. कर्मचारियों को इसी माह वेज रिवीजन के तहत वृद्धि राशि का एरियर मिल जाएगा. ये बातें गुरुवार को जुस्को श्रमिक यूनियन की कमेटी मीटिंग में अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय ने बताई.
जॉब फॉर जॉब स्कीम पर उन्होंने सदस्यों को बताया कि प्रबंधन टाटा स्टील की तर्ज पर यह स्कीम लाना चाहता है जिसमें कर्मचारियों को एक आश्रित को नौकरी देने के साथ इएसएस लेने की शर्त है.
साथ ही आश्रित अगर ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूर्वक नहीं कर पाता है तो उनके आश्रित की नियुक्ति नहीं होगी. लेकिन कर्मचारी को इएसएस लेना पड़ेगा. हालांकि यूनियन ने इस शर्त को मानने से इंकार कर दिया है. कमेटी मीटिंग में वेकेंसी तथा रिक्तियों का मुद्दा भी उठा.
बैठक में डिप्लोमा और आईटीआई योग्यताधारी की नौकरी की बात उठी
डिप्लोमा और आइटीआई योग्यताधारी की नौकरी की बात उठी. अध्यक्ष ने सदस्यों को बताया कि कई विभागों के आरओ (रि-ऑर्गनाइजेशन) पर बात हो रही है.
पेट्रोल भत्ता पर बातचीत अभी शुरु नहीं हुई है, लेकिन एलटीसी पर वार्ता जारी है. उन्होंने वेज रिवीजन में बढ़ी राशि का एरियर भुगतान पर कहा कि इसी माह मिल जाएगा, इस पर काम चल रहा है. कमेटी मेंबरों ने यह प्रस्ताव दिया कि जो लोग यूनियन को परेशानी में डालते रहते हैं उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए.
इसपर कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भी पास किया गया. मीटिंग की शुरुआत में यूनियन का एकाउंट पास किया गया. साथ ही पिछली बैठक के मिनट्स को महामंत्री सीडीएस कृष्णा ने पढकर सुनाया, जिसकी संपुष्टि की गयी. कमेटी मीटिंग में कई विभागीय मुद्दे भी उठे.
कमेटी मीटिंग में अध्यक्ष के अलावा सीडीएस कृष्णा, अमरनाथ तिवारी, मनीष दुबे, गोपाल जायसवाल, अखिलेश राय, टी कुमार, सूरज सिंह, सूर्य प्रकाश समेत सभी पदाधिकारी और कमेटी मेंबर शामिल थे.

