
उदित वाणी, रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि ऐतिहासिक- धार्मिक स्थलों को संरक्षित व विकसित करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है. तपोवन मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र का विकास इसी कड़ी का एक अहम हिस्सा है.
इस मंदिर को एक प्रतीक के रूप में विकसित किया जा रहा है. राम नवमी के पावन अवसर पर तपोवन मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद मुख्यमंत्री ने हजारों की संख्या में उपस्थित श्रध्दालुओं को संबोधित करते हुए उक्त बातें कही. उन्होंने कहा कि इस बर्ष रामनवमी पर मंदिर और आसपास के क्षेत्र का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू हो चुका है.
तपोवन मंदिर परिसर के विकास पर 14 करोड़ से ज्यादा रुपए खर्च किए जा रहे हैं तथा जरूरत पड़ने पर और भी राशि उपलब्ध कराई जायेगी. उन्होंने कहा कि अगले बर्ष रामनवमी में तपोवन मंदिर का भव्य दर्शन किया जा सकेगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम हमारे आदर्श हैं. रामनवमी महापर्व आपसी एकता, बंधुत्व, सौहार्द और बर्षों से चली आ रही परंपरा और संस्कृति को मजबूत बनाता है. तपोवन मंदिर में भगवान श्री राम जानकी का दर्शन करके मुख्यमंत्री ने कहा कि हम अपने जीवन में भगवान श्री राम के आदर्शों को आत्मसात करें.
क्योंकि इसमें सबका कल्याण निहित है. इस अवसर पर उन्होंने प्रभु श्री राम के चरण में शीश नवाकर राज्य वासियों की उन्नतिए सुख, समृद्धि, शांति और स्वस्थ जीवन के लिए आशीर्वाद भी लिया.

