
उदित वाणी, जमशेदपुर: रांची में आयोजित झारखंड कर समाधान स्कीम के कार्यक्रम में सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पदाधिकारी शामिल हुए. रांची के एक होटल में आयोजित समारोह का उदघाटन प्रदेश के वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने किया.
मौके पर वित्त सचिव आराधना पटनायक, राज्य कर आयुक्त संतोष वत्स के अलावा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल थे. सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव (वित्त एवं कराधान) पीयूष कुमार चौधरी और अधिवक्ता एवं को-ऑप्टेड मेंबर राजीव अग्रवाल शामिल हुए.
कर समाधान की नई स्कीम बेहतर
पीयूष चौधरी ने बताया कि सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स का पिछ्ले कई वर्षों से प्रयास था कि सरकार पुराने मामलों के निपटारे के लिए एक सेटलमेंट स्कीम लाए. इसके प्रारूप के लिए कई सुझाव भी चैंबर द्वारा दिए गए थे.
आखिर में कई बदलाओं के बाद झारखंड सरकार द्वारा विधान सभा में पारित कर एक कर समाधान स्कीम लाई गयी है. नयी स्कीम बेहद ही लुभावनी एवं उपयोगी प्रतीत हो रही है. इसमें पूर्व के लंबित मामलों में एक मुश्त पैसा जमा कर वर्षों से चले आ रहे मुकदमों को खत्म किया जा सकता है.
वैसे मामले जिनमें कि सिर्फ ब्याज की देयता बनती है, केवल 10 फीसदी राशि देकर खत्म कराये जा सकते हैं. वैधानिक प्रपत्रों जैसे सी फॉर्म/ एफ फॉर्म के मामलों में कर का 50 फीसदी एवं ब्याज का 10 फीसदी जमा कराकर खत्म कराये जा सकते हैं.
अन्य सभी मामलों में बकाया की 40 फीसदी राशि जमा कराकर मामलों को खत्म कराया जा सकता है. वैट के अलावा बिहार फाइनेंस एक्ट, एलेक्ट्रिसिटी ड्यूटी एवं होटल एवं लक्सअरि टैक्स इत्यादि के लंबित मामले भी इस स्कीम के दायरे में आएंगे. सरकार का उद्देश्य है कि कम से कम 500 करोड़ रुपए इस स्कीम की मदद से अगले तीन महीने में सरकारी कोष में जमा कराये जाएं.
सर्टिफायड कॉपी लेने का प्रावधान नही होना चाहिए
मीटिंग में पीयूष चौधरी ने सुझाव दिया कि इस स्कीम से संबंधित नियमावली भी सरकार को जल्द लानी चाहिए तथा स्कीम का लाभ लेने के लिए ऑर्डर की सर्टिफायड कॉपी लेने का प्रावधान नही होना चाहिए. राजीव अग्रवाल ने आग्रह किया की स्कीम का लाभ लेने की प्रक्रिया को और आसान बनाया जाना चाहिए.
उपाध्यक्ष वित्त एवं कराधान दिलीप गोलछा ने बताया कि जल्द ही इस पर एक परिचर्चा चैंबर में भी आयोजित की जायेगी. अध्यक्ष विजय आनंद मूनका और मानद महासचिव मानव केडिया ने राज्य सरकार के इस निर्णय को सराहा एवं व्यापारियों को इसका भरपूर लाभ लेने का अनुरोध किया.

