
उदित वाणी, जमशेदपुर: अब संविदा आधारित शिक्षकों के परीक्षा कार्य को भी कक्षा के रूप में मान्यता मिल गई है. जल्द ही इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी जाएगी.
बता दें कि इसे लेकर झारखंड राज्य विश्वविद्यालय संविदा शिक्षक संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने संघ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति से मिलकर घंटी आधारित शिक्षकों के परीक्षा कार्य को कक्षा के रूप में मान्यता देने हेतु एक मांग पत्र सौंपा था.
मांग पत्र में परीक्षा के दौरान एक पाली का तीन कक्षा के रूप में मान्यता प्रदान करने तथा दोनों पालियों में परीक्षा ड्यूटी करने वालों को चार कक्षा प्रदान करने की मांग शामिल है.
उस वक्त कुलपति ने विश्वविद्यालय के वित्त समिति में मामले को रखकर पारित करने का आश्वासन दिया था. आज विश्वविद्यालय में आयोजित वित्त समिति की बैठक में यह नियम पारित हो गया. इसके तहत एक पाली की ड्यूटी को दो कक्षा माना जायेगा और दोनों पालियों में ड्यूटी करने वालों को चार कक्षा के रूप में मान्यता दी जाएगी.
बैठक के बाद कुलसचिव ने कहा कि सिंडिकेट मीटिंग के बाद इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी जायेगी. राकेश पांडेय ने संघ के मांग को मान्यता प्रदान करने के लिए कुलपति, कुलसचिव, वित्त सलाहकार, वित्त पदाधिकारी सहित वित्त समिति के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया.
प्रतिनिधिमंडल में, डॉ. कमलेश कुमार कमलेंदू, डॉ. बीडी सिन्हा, डॉ. गोपीनाथ पांडेय, डॉ इमरान अहमद, डॉ. श्वेता शर्मा, डॉ. अनामिका, डॉ. कल्याणी झा, डॉ. रुचिका तिवारी, डॉ. फिरदौस जाबीन, डॉ. सोनी सिन्हा, डॉ. नम्रता कुमारी, शोभा कुमारी, डॉ. प्रियंका कुमारी, दानिश हमाद, डॉ. सत्यानंद साह, डॉ. मुरारी लाल वैद्य, डॉ. प्रशांत खरे, डॉ. अंजना सिंह, सिमौन सोरेन आदि शामिल थे.

