
# बिष्टुपुर चैंबर भवन में चुनाव की सारी तैयारियां पूरी
# सुबह दस बजे से शाम साढ़े चार बजे तक होगा मतदान
# मोबाइल के इस्तेमाल पर रोक, तस्वीर लेने पर रद्द होगा बैलेट पेपर
उदित वाणी, जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम में मारवाड़ी समाज की शीर्ष संस्था पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष का चुनाव मंगलवार सात फरवरी को होगा. अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में है- अशोक चौधरी, पवन अग्रवाल एवं मुकेश मित्तल.
बिष्टुपुर स्थित चैंबर भवन में मतदान कराने की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. मतदान सुबह दस बजे शुरू होगा और शाम साढ़े चार बजे तक चलेगा. उसके तुरंत बाद मतगणना शुरू कर दी जाएगी. मुख्य चुनाव पदाधिकारी विजय खेमका के अनुसार शाम साढ़े पांच बजे तक नतीजा घोषित कर दिए जाने की संभावना है.
11 सदस्यीय मतदान संचालन समिति:
इस चुनाव को लेकर 11 सदस्यीय संचालन समिति बनाई गई है.
मुख्य चुनाव पदाधिकारी -विजय खेमका.
सहायक चुनाव पदाधिकारी -महावीर प्रसाद अग्रवाल (अधिवक्ता).
इस समिति में मनीषा संघी, कविता अग्रवाल, बजरंग लाल अग्रवाल, सौरभ सन्नी संघी, महावीर प्रसाद अग्रवाल, दीपक रामुका अग्रवाल, सीमांत अग्रवाल, रमेश अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, मनोज पलसानिया, कमलेश अग्रवाल शामिल हैं.
चैंबर भवन के बाहर प्रत्याशियों के टेंट
अध्यक्ष पद के तीनों प्रत्याशियों की ओर से सोमवार देर रात तक जनसंपर्क अभियान तो चलाया ही गया, साथ ही बूथ मैनेजमेंट को अंतिम रूप दिया गया. मतदान स्थल चैंबर भवन के बाहर तीनों प्रत्याशियों की ओर से टेंट लगाए गए हैं. मतदाताओं की सुविधा के लिए जरूरी प्रबंध भी किए जा रहे हैं. मतदान पर्ची के साथ साथ जलपान आदि की भी व्यवस्था की जा रही है.
साकची से सर्वाधिक मतदाता
पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष के चुनाव में जिला सम्मेलन की सभी 14 शाखाओं से जुड़े मतदाता हिस्सा लेंगे. वोटर लिस्ट में 813 वोटरों के नाम हैं. पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मलेन के अधीन आदित्यपुर भी आता है. सर्वाधिक मतदाता साकची से हैं.
स्थान कहां कितने वोटर
साकची 240
जुगसलाई 129
बिष्टुपुर 109
आदित्यपुर 58
मानगो में 52
सोनारी 48
कदमा 36
चाकुुलिया 33
घाटशिला 32
सीतारामडेरा-भालूबासा 25
गोलमुरी में 28
टेल्को मे 10
धालभूमगढ़ 05
वोटिंग के लिए पहचान पत्र अनिवार्य
वोटिंग के लिए मतदाता को अपने पहचान पत्र की हार्ड कॉपी को लाना अनिवार्य है. डिजिटल पहचान पत्र को मान्यता नहीं दी जाएगी. यानी मतदान के समय सभी मतदाता को अपना सचित्र सरकारी अथवा मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा निर्गत परिचय पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य है. किसी भी वाद-विवाद की स्थिति में मुख्य चुनाव पदाधिकारी का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा.
इसके अलावा मतदान केंद्र पर मतदाता मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे और न ही मतपत्र, मतदान या किसी अन्य गतिविधि की तस्वीर ले सकेंगे. यदि कोई ऐसा करते पाया जाएगा तो उसका मतपत्र रद्द कर दिया जाएगा. विजय खेमका के अनुसार चुनाव नियमों को मतदाता से लेकर प्रत्याशियों तक को हर हाल में पालन करना होगा.
दो साल के लिए हो रहा चुनाव
जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष का चुनाव दो साल के लिए हो रहा है. नए अध्यक्ष का सत्र 2022-24 होगा. नए अध्यक्ष वर्तमान अध्यक्ष अशोक मोदी से पदभार ग्रहण कर अपनी टीम बनाएंगे.
गुप्त मतदान से होगा चुनाव
अध्यक्ष का चुनाव गुप्त मतदान के जरिए होगा. बैलेट पेपर में अध्यक्ष पद के तीनों प्रत्याशियों के नाम लिखे रहेंगे. चुनाव चिन्ह का आवंटन नहीं किया गया है.
मानगो में रहा चुनाव का कंट्रोल रूम
जिला मारवाड़ी सम्मेलन के चुनाव में मतदान से पहले की सारी चुनावी प्रक्रिया का संचालन मुख्य चुनाव पदाधिकारी विजय खेमका के कार्यालय रीतेश उद्योग, गुरुनानक अस्पताल के बगल में पायल सिनेमा के पास, न्यु पुरूलिया रोड, मानगो से किया गया.


