उदित वाणी जमशेदपुर: टाटानगर से बिहार, मुंबई और ओड़िशा रूट की ट्रेनों में यात्रियों की लगातार बढ़ती भीड़ के कारण रेलवे को अतिरिक्त कोच लगाने पड़ रहे हैं। गर्मी की छुट्टियों और यात्रियों की बढ़ी आवाजाही के बीच ट्रेनों में टिकटों की लंबी वेटिंग बनी हुई है।
यात्रियों की मांग को देखते हुए रेलवे ने भुवनेश्वर–नई दिल्ली आनंद विहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में 2 जून तक एक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच जोड़ने का निर्णय लिया है। इससे वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, टाटानगर–बक्सर एक्सप्रेस में भी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 26 मई तक एक अतिरिक्त जनरल कोच लगाया जाएगा।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, टाटानगर समेत दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के विभिन्न स्टेशनों से गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। इसी वजह से जोन स्तर पर एक दर्जन से अधिक ट्रेनों में जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त कोच लगाए जा रहे हैं।
जानकारों का कहना है कि बिहार, मुंबई और ओड़िशा जाने वाली ट्रेनों में सबसे अधिक दबाव बना हुआ है। स्लीपर, एसी और जनरल श्रेणी तक में सीटों की भारी मांग देखी जा रही है। कई ट्रेनों में टिकट बुकिंग के बाद लंबी वेटिंग सूची यात्रियों की परेशानी बढ़ा रही है।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की संख्या और आरक्षण की स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर अन्य ट्रेनों में भी अतिरिक्त कोच जोड़कर सफर को सुगम बनाया जा सके।


