
उदित वाणी, रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के समक्ष आज झारखंड मंत्रालय में पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों ने रांची की महत्वपूर्ण फ्लाईओवर परियोजनाओं की कार्य प्रगति का पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन (PPT) प्रस्तुत किया. मुख्यमंत्री ने सिरमटोली से कांटा टोली को जोड़ने वाली कनेक्टिंग फ्लाईओवर परियोजना की बिंदुवार समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि भू-अर्जन (Land Acquisition) से संबंधित सभी शेष कार्यवाही को यथाशीघ्र पूरा करें ताकि निर्माण कार्य को और गति दी जा सके.
साइंस सिटी और चिरौंदी फ्लाईओवर पर चर्चा
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री और अधिकारियों के बीच करम टोली से साइंस सिटी (चिरौंदी) तक प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण योजना को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने इस नई परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए, जिससे भविष्य में मोरहाबादी और चिरौंदी क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम हो सके.
ट्रैफिक सुधार के लिए अनावश्यक डिवाइडर कट्स होंगे बंद
सड़कों पर सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि रांची की सड़कों पर अनावश्यक ‘डिवाइडर कट्स’ की पहचान की जाए. उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे कट्स को तुरंत बंद किया जाए जो दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं या ट्रैफिक जाम पैदा करते हैं. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि रांचीवासियों को एक बेहतर और सुव्यवस्थित ट्रैफिक व्यवस्था प्रदान करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
बैठक में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारी
इस महत्वपूर्ण बैठक में पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव श्री सुनील कुमार, अभियंता प्रमुख श्री प्रवीण जयंत भेंगरा, मुख्य अभियंता सीडीओ श्री विजय रंजन और उप सचिव प्रबंधन श्री विक्रम प्रताप सिंह सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.

