
उदित वाणी, पटमदा : पटमदा प्रखंड के बांगुड़दा क्रिकेट मैदान में तीन दिवसीय बांगुड़दा प्रीमियर लीग सीजन-1 का शुभारंभ शुक्रवार को उत्साह और रोमांच के साथ हुआ. प्रतियोगिता के पहले दिन ग्रुप-ए की चार टीमों—गोल्ड स्टार, ओल्ड स्टार, विस्फोट इलेवन और फेयरलेस इलेवन के बीच कुल छह मुकाबले खेले गए.
लीग चरण में गोल्ड स्टार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने तीनों मैच जीतकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया. वहीं ओल्ड स्टार ने तीन में से दो मुकाबले जीतकर दूसरा स्थान प्राप्त किया. दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया. शनिवार को ग्रुप-बी की टीमों डीएम ब्रदर्स, यंग स्टार, सुपर स्टार और बीएचएम जीरो सेवन के बीच मुकाबले खेले जाएंगे. जबकि रविवार को प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मैच आयोजित होंगे.
पहले दिन के मुकाबलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अमित सिंह और राकेश महतो को दो-दो मैचों में मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि कंचन सिंह और लाल महतो को एक-एक मैच के लिए यह सम्मान मिला. सभी खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया.प्रतियोगिता के सफल आयोजन में गौतम गोप, मनोज कर्मकार, सुमित सिंह, सनत कवि, शुभेंदु, दीपक, भक्त रंजन, अमित सिंह, रवि सिंह, उत्तम गोराई, जगन्नाथ, राहुल बिक्की और शिबू महतो का सराहनीय योगदान रहा.

