उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का सफल उद्भेदन करते हुए त्वरित कार्रवाई का परिचय दिया है. पहली घटना में अज्ञात चोर द्वारा टेंपो चोरी किए जाने के मामले में पुलिस ने न सिर्फ वाहन बरामद किया, बल्कि आरोपी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 03/04 मई की रात बागबेड़ा थाना क्षेत्र से एक टेंपो चोरी हो गया था. इस संबंध में बागबेड़ा थाना में 04 मई में मामला दर्ज किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की और तकनीकी व मानवीय सूचना के आधार पर चोरी गए टेंपो को बरामद कर लिया. साथ ही, कांड में संलिप्त अप्राथमिकी अभियुक्त विपिन कुमार महतो (निवासी बागबेड़ा नया बस्ती) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.
वहीं दूसरी घटना में मोबाइल चोरी के आरोप में एक युवक को रंगे हाथ पकड़ा गया. इस संबंध में बागबेड़ा थाना 4 मई को प्राथमिकी दर्ज की गई. आरोपी राजू गोराई (निवासी आदित्यपुर मांझी टोला) को विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.


