उदित वाणी, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन (East Singhbhum District Yogasana Sports Association) की ओर से जिले की खेल प्रतिभाओं को मंच देने के लिए 6वीं पूर्वी सिंहभूम जिला योगासन प्रतियोगिता 2026 का आयोजन होने जा रहा है. यह दो दिवसीय प्रतियोगिता आगामी 9 एवं 10 मई को जमशेदपुर के धतकीडीह कम्युनिटी सेंटर में आयोजित की जाएगी.
ऑनलाइन बैठक में बनी रणनीति
प्रतियोगिता के सफल संचालन को लेकर जिला अध्यक्ष श्रीमती सुधा झा की अध्यक्षता में ऑनलाइन मोड पर एसोसिएशन की कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई. इस दौरान संगठनात्मक विषयों पर गहराई से चर्चा की गई और संगठन के कार्यों को भविष्य में और बेहतर बनाने के लिए ठोस रूपरेखा तैयार की गई. बैठक में खेल के विकास और खिलाड़ियों की सुविधा से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.
पंजीकरण की अंतिम तिथि और आयोजन स्थल
जिला सचिव मलय कुमार डे ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता धतकीडीह कम्युनिटी सेंटर में आयोजित होगी. उन्होंने इच्छुक प्रतिभागियों से अपील की है कि वे अपना पंजीकरण समय पर सुनिश्चित करें. रजिस्ट्रेशन 6 मई की शाम 5 बजे तक खुला रहेगा. इसके बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा.
कोर कमेटी को सौंपी गई जिम्मेदारी
कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने के लिए कोर कमेटी के सभी सदस्यों को विशिष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. बैठक के दौरान जिला उपाध्यक्ष अर्जुन शर्मा, उपाध्यक्ष रवि शंकर नेवार, कोषाध्यक्ष ललिता शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य अजय वर्मा, शुभम कुमार, राजन गुप्ता, कंपटीशन सचिव प्रज्ञा पारोमिता, लक्ष्मी साहू, आरती झा, गौरी कर, प्रेमलता प्रसाद एवं ईराक्षी शामल उपस्थित रहीं. सभी सदस्यों ने प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई.

