
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर में हजारीबाग की दर्दनाक घटना को लेकर सियासत ने नया मोड़ लिया है. झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेताओं ने जिला मुख्यालय में प्रदर्शन कर दोषी भाजपा नेताओं और अन्य अपराधियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की.
जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन
झामुमो जिला संपर्क कार्यालय से पार्टी नेता और कार्यकर्ता भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिला मुख्यालय पहुंचे. इस दौरान जिला संयोजक प्रमुख बागराई मार्डी, आंदोलनकारी नेता प्रमोद लाल सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे. सभी लोग हजारीबाग घटना के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे.
राजनीतिक आरोप और फांसी की मांग
मीडिया से बातचीत में जिला संयोजक प्रमुख बागराई मार्डी और प्रमोद लाल ने कहा कि हेमंत सरकार को बदनाम करने की साजिश भाजपा द्वारा रची जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि हजारीबाग घटना के बाद भाजपा नेताओं ने झारखंड बंद का आह्वान किया और धरना प्रदर्शन कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.
उन्होंने आगे कहा कि आज वही नेता चुप्पी साधकर अपने घरों में बैठे हैं, जबकि झामुमो हजारीबाग पुलिस का स्वागत कर बच्चों की निर्मम हत्या के दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामले की सुनवाई कर फांसी की सजा दिलाने की मांग कर रहा है.

