
उदित वाणी, जमशेदपुर : होली पर्व की तैयारियों के साथ ही घर लौटने की बेचैनी अब रेलवे प्लेटफॉर्म पर साफ दिखने लगी है. टाटानगर स्टेशन से होकर गुजरने वाली बिहार रूट की प्रमुख ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना चुनौती बन गया है. यात्रियों की अचानक बढ़ी संख्या ने रिजर्वेशन काउंटर से लेकर ऑनलाइन बुकिंग तक दबाव बढ़ा दिया है.
सबसे ज्यादा असर स्लीपर और जनरल कोच में देखा जा रहा है. छपरा एक्सप्रेस, साउथ बिहार एक्सप्रेस और नीलांचल एक्सप्रेस में सीटों के लिए मारामारी की स्थिति है. कई ट्रेनों में स्लीपर और एसी दोनों श्रेणियों में वेटिंग लिस्ट 100 के पार पहुंच चुकी है. काउंटर पर लंबी कतारें आम हो गई हैं, जबकि ऑनलाइन टिकट की उपलब्धता मिनटों में खत्म हो रही है.
रेलवे प्रशासन ने बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त कोच जोड़ने की प्रक्रिया तेज कर दी है. खासकर बक्सर रूट पर चलने वाली ट्रेनों में अतिरिक्त स्लीपर और जनरल कोच लगाने की तैयारी है. अधिकारियों का कहना है कि जरूरत पड़ने पर अन्य ट्रेनों में भी कोच बढ़ाए जाएंगे ताकि त्योहार के दौरान यात्रियों को राहत मिल सके.
यात्रियों की सुविधा के लिए 2 मार्च को टाटानगर से कटिहार और बक्सर के लिए होली स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है. इस विशेष सेवा से त्योहार पर घर जाने वालों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
उधर, दिल्ली और मुंबई रूट की ट्रेनों में भी भारी दबाव बना हुआ है. एसी थ्री, एसी टू और स्लीपर -सभी श्रेणियों में लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है. जनरल कोच में बढ़ती भीड़ के कारण यात्रियों को खड़े होकर सफर करने की नौबत आ सकती है.

