उदित वाणी, सरायकेला-खरसावां: जिले में अवैध खनन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है. उपायुक्त (DC) नितीश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन विभाग की टीम ने आदित्यपुर और नीमडीह थाना क्षेत्रों में संचालित ईंट भट्टा इकाइयों का औचक निरीक्षण किया. इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.
आदित्यपुर में अवैध भंडारण का खुलासा
निरीक्षण के दौरान आदित्यपुर थाना अंतर्गत मौजा कुलुपटांगा और आनंदपुर (बनडीह) में दो ईंट भट्टा इकाइयां सक्रिय पाई गईं. टीम को मौके पर भारी मात्रा में मिट्टी खनिज का अवैध उत्खनन और भंडारण मिला. वहीं, कुलुपटांगा में एक अन्य इकाई बंद पाई गई. प्रशासन अब इन दोनों इकाइयों के विरुद्ध विभागीय प्रावधानों के तहत नोटिस और मांगपत्र निर्गत करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर रहा है.
नीमडीह में भी जांच, राजस्व अभिलेखों की हुई पड़ताल
विभाग की टीम ने नीमडीह थाना अंतर्गत मौजा सिरका में भी जांच की. यहां ईंट भट्टा संचालक द्वारा राजस्व से संबंधित आवश्यक दस्तावेज और अभिलेख कार्यालय में प्रस्तुत किए गए, जिसकी विभाग द्वारा बारीकी से जांच की जा रही है.
अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस की नीति
उपायुक्त श्री नितीश कुमार सिंह ने जिले के सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट आदेश दिया है कि खनिजों के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर कड़ी नजर रखी जाए. उन्होंने कहा कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ बिना किसी रियायत के कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.


