
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के करीब सात हजार लोकल वाहन चालकों के उचित मानदेय की मांग को लेकर बुधवार से प्रस्तावित चक्का जाम हड़ताल के बीच लोकल ट्रेलर ओनर यूनियन के अध्यक्ष जयकिशोर सिंह पर टाटा स्टील की कथित गुंडा पार्टी ने एक बार फिर हमला बोल दिया. बीच सड़क पर उनकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
बताया जाता है कि मंगलवार रात बर्मामाइंस स्थित यूनियन कार्यालय के पास मुख्य सड़क पर करीब 20 हमलावरों ने अचानक जयकिशोर सिंह पर धावा बोल दिया था. हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए. सहयोगियों ने उन्हें एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया. घायल अवस्था में ही बुधवार को हड़ताल सफल बनाने धरना स्थल पर पहुंचे जयकिशोर पर दोबारा हमला हो गया.
जयकिशोर सिंह ने आरोप लगाया कि कंपनी के पदाधिकारी अजित वर्मा से जुड़े लोग और टाटा स्टील के कुछ वेंडरों ने साजिश रचकर हमला कराया, ताकि चालकों के मानदेय वृद्धि के आंदोलन को कमजोर किया जा सके. घटना के बाद पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है, जिससे यूनियन में रोष व्याप्त है.

