
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर बुधवार को दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई. बाइक सवार अपराधियों ने कन्हैया यादव नामक युवक पर अचानक हमला कर कई राउंड गोलियां चला दीं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर तेज रफ्तार से पहुंचे और निशाना साधते हुए फायरिंग कर मौके से फरार हो गए. घटना में कन्हैया यादव गंभीर रूप से घायल हो गया. बताया जा रहा है कि उसे तीन से अधिक गोलियां लगी हैं.
फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल कन्हैया को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सिटी सुधीर चौधरी और गोलमुरी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
कन्हैया यादव नामदाबस्ती ए-ब्लॉक, रेल लाइन किनारे, हनुमान मंदिर के पास का निवासी है. वह फल का कारोबारी है और परसुडीह मंडी से अपना व्यवसाय संचालित करता है. कन्हैया के पिता, जो ‘पहलवान’ नाम से जाने जाते थे, टिनप्लेट चौक में फल का ठेला लगाते थे. थाना और सिटी डीएसपी कार्यालय के निकट दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

