
उदित वाणी, चांडिल: कपाली नगर परिषद चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है. अध्यक्ष पद के लिए चांडिल अनुमंडल कार्यालय स्थित निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय में अंतिम दिन बुधवार तक कुल 13 नामांकन पर्चे दाखिल किए गए, जिसमें 11 प्रत्याशी अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हैं. इनमें से दो महिला प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में हैं. वहीं नगर परिषद क्षेत्र के 21 वार्डों के लिए कुल 109 प्रत्याशियों ने वार्ड पार्षद पद हेतु नामांकन किया है. इस चुनाव में महिला प्रत्याशियों की उल्लेखनीय भागीदारी सामने आई है. कुल 109 नामांकनों में 50 महिला एवं 59 पुरुष प्रत्याशी शामिल हैं. अंतिम दिन अध्यक्ष पद के लिए 3 तथा वार्ड पार्षद पद के लिए 42 नामांकन पर्चे दाखिल हुए.
अध्यक्ष पद के दावेदारों में कांग्रेस समर्थित तसलीमा मल्लिक, पूर्व अध्यक्ष शोभा रानी महतो (निर्दलीय), कांग्रेस नेता मोहम्मद इरफान, झामुमो समर्थित पूर्व अध्यक्ष सरबर आलम, भाजपा समर्थित एस.एन. ताजदार आलम, जेएलकेएम समर्थित अफसर इमाम उर्फ छोटन, गुलाम गौस उर्फ राजू भाई, मो. सरफराज आलम उर्फ राजा, मो. परवेज आलम उर्फ चांद, संतोष महतो और गुलजार अंसारी शामिल हैं. उल्लेखनीय है कि मो. परवेज आलम उर्फ चांद पिछले चुनाव में अध्यक्ष पद की रेस में द्वितीय स्थान पर रहे थे और इस बार बिना किसी पार्टी समर्थन के जनता के भरोसे चुनावी मैदान में उतरे हैं.

