
उदित वाणी, जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के जोनल रेलवे यूजर्स कंसल्टेटिव (जेडआरयूसीसी) सदस्य अरुण जोशी ने शुक्रवार को कोलकाता स्थित मुख्यालय में महाप्रबंधक के सचिव अजय कुमार से मुलाकात कर यात्री सुविधाओं और ट्रेन संचालन से जुड़ी कई अहम मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा. इस दौरान क्षेत्र में बढ़ती यात्रियों की संख्या और सीमित संसाधनों के बीच संतुलन बनाने पर विशेष जोर दिया गया.
सौंपे गए मांग पत्र में नई ट्रेनों के संचालन को प्राथमिकता दी गई है. इसमें रांची से जयपुर, शालीमार से पुणे (टाटानगर मार्ग होते हुए) तथा हटिया/रांची से पुणे के लिए अमृत भारत वर्जन-3 ट्रेनों की शुरुआत की मांग प्रमुख रूप से शामिल है. जोशी ने कहा कि इन रूटों पर सीधी ट्रेन सुविधा नहीं होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
इसके अलावा टाटानगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य में तेजी लाने की मांग भी उठाई गई, ताकि यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें. साथ ही टाटानगर–बक्सर एवं इस्पात एक्सप्रेस में स्लीपर और 3-एसी इकॉनमी कोच बढ़ाने तथा गीतांजलि एक्सप्रेस में एसी-1 कोच जोड़ने का प्रस्ताव रखा गया.
ज्ञापन में धनबाद–कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस में रांची तक जनरल वेटिंग लिस्ट के तहत टिकट उपलब्ध कराने की मांग भी शामिल रही, जिससे आम यात्रियों को राहत मिल सके.
इस मौके पर जोशी के एडवाइजर शशांक शेखर स्वैन, सोमांको तिरु और रेल प्रेमी सोहम दास भी मौजूद रहे. जोशी ने स्पष्ट किया कि झारखंड और आसपास के क्षेत्रों में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन रेल सेवाओं का विस्तार उस अनुपात में नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि नई ट्रेनों के संचालन और कोचों की संख्या बढ़ाने से न केवल यात्रियों को सहूलियत मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी.

