उदित वाणी , सरायकेला : सरायकेला थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 45 वर्षीय भागीरथी महतो की दर्दनाक मौत हो गई। घटना बड़ाकाकड़ा स्थित उषा कॉलेज मोड़ के पास रात करीब 11 बजे की है, जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान और घटना का विवरण
मृतक भागीरथी महतो बड़ाकाकड़ा के निवासी बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार उनकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं थी और वह अक्सर देर रात सड़कों पर भटकते रहते थे। आशंका है कि इसी दौरान वह किसी तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गए।
सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार अज्ञात वाहन और चालक की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संभावित मार्गों पर भी जांच तेज कर दी गई है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने, सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण लगाने की मांग की है।


