उदित वाणी, सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने ही अपने पति की हत्या की साजिश रच डाली। खरसावां थाना पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में मृतक बाधा सरदार की पत्नी सुनीता सरदार (38), उसका भाई सोमा मुण्डा उर्फ सुगु, और उनके दो सहयोगी बौर सिंह मुण्डा व बिरा मुण्डा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार घरेलू प्रताड़ना से परेशान होकर सुनीता ने अपने भाई और अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से हत्या में प्रयुक्त खून से सना फरसा, एक स्कूटी और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
एसडीपीओ समीर कुमार सावेया ने बताया कि यह हत्या पूरी तरह से सुनियोजित थी। मामले की गहराई से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी सोमा मुण्डा का आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग इस वारदात को लेकर स्तब्ध हैं।


