
उदित वाणी, जमशेदपुर : ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन ने रेलवे के ट्रैकमैन को टेक्नीशियन का दर्जा देने और उनका ग्रेड पे 4200 करने की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद कर दी है. रेल कर्मचारियों की 14 सूत्री मांगों को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन की रणनीति तैयार की जा रही है, जिसके तहत दिल्ली में एक बड़ा सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है.
चक्रधरपुर मंडल मेंस यूनियन के संयोजक मनोज कुमार सिंह ने जानकारी दी कि राजधानी दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में होने वाले इस सम्मेलन में टाटानगर सहित मंडल के विभिन्न स्टेशनों से दर्जनों रेल कर्मचारी हिस्सा लेंगे. सम्मेलन में कर्मचारियों के हितों से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी और आगे की आंदोलनात्मक रणनीति तय होगी.
फेडरेशन की प्रमुख मांगों में ट्रैकमैन को तकनीकी श्रेणी में शामिल करना, पुरानी पेंशन योजना को पुनः लागू करना, रेलवे में बढ़ते निजीकरण पर रोक लगाना और कर्मचारियों की सेवा शर्तों में सुधार शामिल हैं. कर्मचारियों का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में उनकी जिम्मेदारियां बढ़ी हैं, लेकिन सुविधाएं और वेतन संरचना उसी अनुरूप नहीं है.
रेल कर्मियों का यह सम्मेलन न केवल उनकी मांगों को मजबूती देगा, बल्कि केंद्र सरकार तक उनकी आवाज पहुंचाने का भी बड़ा माध्यम बनेगा. आने वाले दिनों में इस आंदोलन के और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं.

