
उदित वाणी, रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट परिसर में निर्माणाधीन स्टेट हैंगर का स्थल-निरीक्षण किया. उन्होंने परियोजना की प्रगति, गुणवत्ता नियंत्रण और समयबद्धता की विस्तृत समीक्षा की.
मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता और समय की पाबंदी पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों और समयसीमा के अनुसार पूर्ण किए जाएं. हेमंत सोरेन ने कहा, “राज्य के सतत विकास के लिए आधुनिक और सुदृढ़ आधारभूत संरचनाओं का निर्माण अत्यंत आवश्यक है. ऐसी परियोजनाएं न केवल प्रशासनिक कार्यक्षमता को बढ़ाती हैं, बल्कि राज्य की प्रगतिशील छवि को भी मजबूत करती हैं.”
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण प्रक्रिया में नवीनतम तकनीकों, बेहतर संसाधनों और प्रभावी प्रबंधन का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कार्यों की नियमित निगरानी पर बल देते हुए किसी भी प्रकार की शिथिलता को बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी. उन्होंने त्वरित और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर जोर दिया.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्पष्ट कहा कि बिरसा मुंडा एयरपोर्ट परिसर में बन रहे स्टेट हैंगर को राज्य की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया जाएगा. यह हैंगर न केवल सरकारी उपयोग के लिए होगा, बल्कि राज्य के विकास कार्यों को नई गति प्रदान करने में भी सहायक सिद्ध होगा.
इस अवसर पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव अरवा राजकमल सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे. अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को निर्माण कार्य की वर्तमान प्रगति, चुनौतियों और भविष्य की कार्ययोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी.
मुख्यमंत्री के इस निरीक्षण से निर्माण एजेंसियों और संबंधित विभागों में कार्यों को तेजी से पूरा करने की नई ऊर्जा का संचार हुआ है. झारखंड सरकार का प्रयास है कि राज्य में सभी महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाएं उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूरी हों, ताकि आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें.
(आईएएनएस)

