
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है. सीतारामपुर डैम (जलाशय) में नवनिर्मित 30 एमएलडी (MLD) क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पूरी तरह बनकर तैयार हो गया है. आगामी 10 दिनों के भीतर इस प्लांट से जलापूर्ति सेवा विधिवत रूप से प्रारंभ कर दी जाएगी.
महापौर ने जन कल्याण मोर्चा को दिया आश्वासन
आदित्यपुर नगर निगम के महापौर संजय सरदार ने सामाजिक संगठन जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष सह अधिवक्ता ओमप्रकाश को यह महत्वपूर्ण जानकारी दी. महापौर ने बताया कि अगले 10 दिनों में जिला प्रशासन, महापौर, उप महापौर, पार्षदों और आम जनता की उपस्थिति में इसका उद्घाटन किया जाएगा. इसके साथ ही, 60 एमएलडी क्षमता वाले सापड़ा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को भी जल्द से जल्द शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं.
भीषण गर्मी और टेस्टिंग का दौर
मोर्चा अध्यक्ष ओमप्रकाश ने महापौर का ध्यान क्षेत्र में जारी भीषण गर्मी की ओर आकर्षित कराया था. उन्होंने बताया कि पिछले 20-25 दिनों से प्लांट में टेस्टिंग का काम चल रहा है. जनता की परेशानी को देखते हुए उन्होंने सीतारामपुर जलाशय के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को अविलंब चालू करने की मांग की थी, जिस पर महापौर ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी.
हाईकोर्ट की हस्तक्षेप और प्रशासन की भूमिका
उल्लेखनीय है कि इस जलापूर्ति योजना में 5 वर्षों का विलंब होने के कारण जन कल्याण मोर्चा द्वारा झारखंड उच्च न्यायालय, रांची में जनहित याचिका [WP(PIL) 3629/2023] दायर की गई थी. कानूनी प्रक्रिया शुरू होने के बाद योजना के कार्य में उल्लेखनीय तेजी आई है.
मोर्चा अध्यक्ष ओमप्रकाश ने इस पूरी प्रक्रिया में जिला उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की भूमिका की भी सराहना की है. उनके अनुसार, प्रशासनिक सक्रियता के कारण ही अब आदित्यपुर के लोगों को शुद्ध पेयजल मिलने का रास्ता साफ हो सका है.

