
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सोमवार को ट्रेफिक पुलिस ने खरकई पुल से लेकर एस-टाइप चौक तक सघन तलाशी और जागरूकता अभियान चलाया. जिले की पुलिस अधीक्षक (एसपी) निधि द्विवेदी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई. इस अभियान का नेतृत्व ट्रेफिक थाना प्रभारी राजू कुमार ने किया. अभियान के दौरान पुलिस टीम ने मुख्य मार्ग और सर्विस रोड पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ मोर्चा खोला.
माइकिंग से दी गई चेतावनी, वाहन मालिकों में मची भगदड़
कार्रवाई के दौरान जब ट्रेफिक पुलिस ने लाउडस्पीकर के माध्यम से सख्त चेतावनी देनी शुरू की, तो पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सर्विस रोड और मुख्य मार्ग को घेरकर खड़े किए गए दोपहिया और चार पहिया वाहनों को लोग हड़बड़ी में हटाते नजर आए. पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक रास्तों को अवरुद्ध करने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा.
जाम और दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने की तैयारी
आदित्यपुर का खरकई ब्रिज से एस-टाइप चौक तक का इलाका लंबे समय से भीषण जाम की समस्या से जूझ रहा है. स्थानीय दुकानदारों द्वारा सर्विस रोड पर सामान फैलाना और ऑटो चालकों द्वारा सड़क पर कतारबद्ध खड़े होना इस जाम का प्रमुख कारण है. पुलिस की इस मुस्तैदी से स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि इससे सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है.
नियम तोड़ने वालों पर दर्ज होगा केस
ट्रेफिक थाना प्रभारी राजू कुमार ने सख्त लहजे में कहा कि अब अवैध पार्किंग करने वालों को कोई पूर्व सूचना नहीं दी जाएगी. जो भी वाहन मुख्य मार्ग या सर्विस रोड पर बाधा उत्पन्न करेंगे, उन्हें तुरंत जब्त किया जाएगा. इसके साथ ही नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट (एमवी एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

