
उदित वाणी,रांची: रांची राज्य में होनेवाले मतदाता सूची की बिशेष गहन पुनरीक्षण [एसआईआर] और जनगणना को लेकर झामुमो सतर्क है। मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसआईआर और आगामी जनगणना जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। पार्टी की दो दिवसीय बैठक के पहले दिन पश्चिम सिंहभूम व सरायकेला-खरसवां समेत राज्य के 12 जिलों से आए संगठन के चुनिंदा पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि वर्तमान राजनीतिक हालात में संगठन की जिम्मेदारी पहले से अधिक बढ़ गई है। उन्होंने बूथ, पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर पार्टी के ढांचे को और सशक्त बनाने का निर्देश दिया, ताकि पार्टी हर स्तर पर प्रभावी भूमिका निभा सके। मुख्यमंत्री ने नगर और महानगर कमेटियों को भी और अधिक सक्रिय व धारदार बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बदलते राजनीतिक परिदृश्य में केवल सरकार चलाने जितना ही संगठन की मजबूती भी जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में देश में प्रस्तावित जनगणना के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
जिसमें नेताओं ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधित्व से भी जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। झारखंड के आदिवासी, मूलवासी, पिछड़े और वंचित समाज की सही गणना सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि उनके अधिकार सुरक्षित रह सकें। वहीं एसआईआर पर पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा इस प्रक्रिया की आड़ में राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा सकती है। झामुमो नेताओं ने संकल्प लिया कि एसआईआर के नाम पर किसी भी लोकतांत्रिक अधिकारों से जनता को वंचित नहीं होने दिया जाएगा और भाजपा के किसी भी षड्यंत्र को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि आने वाले दिनों में संगठन स्तर पर इसको लेकर विशेष अभियान चलाकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि वे मतदाता सूची, जनगणना और अन्य संवेदनशील मुद्दों पर लोगों को जागरूक कर सकें। इसके साथ ही झामुमो ने आने वाले समय में संगठन और जनसरोकार दोनों मोर्चों पर अधिक आक्रामक भूमिका निभाने का निर्णय लिया है। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता व विधायक भी शामिल थे। वहीं बैठक के दौरान मंच संचालन केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने किया।

