उदित वाणी,झारखंड : झारखंड के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण रेल मार्गों में शामिल टाटानगर–चक्रधरपुर रेलखंड पर सफर करने वाले हजारों दैनिक यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से इस रूट पर ट्रेनों के देरी से चलने की समस्या अब खत्म होने की दिशा में है। जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो की पहल पर केंद्र सरकार ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया है और त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह रेलखंड टाटानगर और चक्रधरपुर के बीच स्थित है, जो दक्षिण पूर्व रेलवे का अत्यंत व्यस्त सेक्शन माना जाता है। औद्योगिक गतिविधियों के कारण इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही काफी अधिक रहती है। लेकिन बीते लंबे समय से ट्रेनों की लगातार देरी ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी थी। नौकरीपेशा लोग, छात्र, व्यापारी और मरीज—सभी इस समस्या से प्रभावित हो रहे थे।
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए सांसद बिद्युत बरण महतो ने पहल करते हुए 2 अप्रैल को रेल मंत्रालय से संपर्क साधा। उन्होंने न केवल समस्या को उठाया, बल्कि ट्रेनों के संचालन को बेहतर बनाने के लिए कई तकनीकी सुझाव भी दिए। उन्होंने इस मुद्दे पर सीधे रेल मंत्री से मुलाकात कर जमीनी हकीकत से अवगत कराया।
सांसद की पहल पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने तत्काल संज्ञान लेते हुए रेलवे बोर्ड और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। रेल मंत्री ने स्पष्ट किया है कि इस रेलखंड पर ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था को सुधारना प्राथमिकता में है। साथ ही यात्रियों को बेहतर और विश्वसनीय सेवा उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया है।
रेल मंत्रालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, सांसद द्वारा दिए गए सुझावों की विशेषज्ञों की टीम द्वारा गहन समीक्षा की जा रही है। खासतौर पर सिग्नलिंग सिस्टम, रूट क्लियरेंस और ट्रैफिक मैनेजमेंट में आ रही तकनीकी बाधाओं की पहचान कर उन्हें दूर करने की दिशा में काम शुरू हो गया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सुधारात्मक कदम जल्द लागू कर परिचालन व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए।


