
उदित वाणी, जमशेदपुर: स्थानीयता स्पष्ट नहीं होने के कारण जिला स्वास्थ्य विभाग में पिछले वर्ष अनुबंध पर शुरु की गई बहाली प्रक्रिया को रोक दी गई है. पहले बहाली के लिए अभ्यर्थियों के मैट्रिक व इंटर सर्टिफिकेट को आधार बनाने की योजना थी.
लेकिन सरकार से स्वास्थ्य विभाग को नई बहाली मुद्दे में स्पष्ट मार्गदर्शन नहीं मिलने के कारण बहाली प्रक्रिया को रोकना पड़ा है 13 नवंबर 2021 को स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारियों की कमी को देखते हुए बहाली का निर्णय लिया गया था.
आवेदन करने वाले अभ्यर्थी मायूस हैं, क्योंकि सितंबर में अभ्यर्थियों को स्वास्थ विभाग से जल्द ही परीक्षा साक्षात्कार की सूचना दी गई थी. सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने बताया कि बहाली का नया आदेश जल्द जारी होगा.
इन पदों पर होनी थी बहाली
जिला स्वास्थ्य विभाग में दो सौ से ज्यादा स्टाफ नर्स, एएनएम, जीएनएम, काउंसलर, डेंटल तकनीशियन, आई सहायक, फार्मासिस्ट, ब्लॉक डाटा मैनेजर, जिला प्रोग्राम को-ऑर्डिनेटर एवं अकाउंटेंट समेत अन्य कई पद पर प्रशिक्षण प्राप्त कर्मचारियों की अनुबंध पर बहाली होनी थी.
