उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के मदनाबेड़ा गांव में सोमवार दोपहर निर्माण कार्य के दौरान एक महिला हादसे का शिकार हो गई. जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी 48 वर्षीय रसना धीवर अबुआ आवास योजना के तहत बन रहे नए घर के काम में लगी थीं. इसी दौरान पुराने कच्चे मकान की दीवार तोड़ी जा रही थी.
दीवार तोड़ने के क्रम में अचानक मलबा भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से रसना धीवर गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे.
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि हादसे में महिला के पैर की हड्डी टूट गई है. फिलहाल उनका इलाज जारी है. घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में चिंता का माहौल है. स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने की आवश्यकता बताई है.


