उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन की कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई. बैठक में सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा ग्रेड रिवीजन का रहा. कार्यकारिणी सदस्यों ने मांग की कि टाटा स्टील की तर्ज पर टिनप्लेट डिवीजन में भी सम्मानजनक ग्रेड लागू किया जाए, जिसमें न्यूनतम 20,000 से 25,000 रुए तक की बढ़ोतरी हो. कंपनी के सभी विभागों में मैनपावर की कमी को तुरंत दूर करने और टाटा स्टील टिनप्लेट डिवीजन में कर्मचारी पुत्रों की भर्ती करने की मांग उठी. 10 नंबर बस्ती में कर्मचारियों को दिए गए घरों में पानी व बिजली की सिक्योरिटी मनी वापस करने और सुविधाएं बहाल करने पर भी चर्चा हुई.
ये मांगें भी उठीं
1. टाटा स्टील के समान डीए प्वाइंट, प्रमोशन, इंक्रीमेंट आदि में बढ़ोतरी हो.
2. सीआरएम-3 के आने पर इंसेंटिव बोनस पर विचार किया जाए, ग्रेड मर्जर के साथ वन टाइम बेनिफिट दिया जाए तथा नाइट शिफ्ट अलाउंस बढ़ाया जाए.
3. कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों के दो बच्चों को नौकरी दी जाए.
4. टिनप्लेट टाउनशिप में पानी की समस्या और पावर कट की शिकायतें दूर की जाएं. दवा छिड़काव और साफ-सफाई की व्यवस्था पहले की तरह निःशुल्क की जाए.
5. कंपनी क्वार्टरों में बाथरूम में कॉमोड लगाए जाएं और बड़े गेट की सुविधा दी जाए.
6. यूनियन कमेटी सदस्यों को टीएमएच जाते समय आईडी कार्ड उपलब्ध कराया जाए.
7. टाटा टेक्निकल सर्विसेज लिमिटेड में भर्ती होने वाले कर्मियों की सदस्यता टिनप्लेट यूनियन में हो.
8. टिनप्लेट अस्पताल में कैंटीन की सुविधा शुरू की जाए और अस्पताल व सिक्योरिटी विभाग के कर्मचारियों को यूनिफॉर्म उपलब्ध कराई जाए.
9. अलॉटेड क्वार्टरों में पानी की टंकी लगाई जाए.
10. एनएस-9 के बाद एनएस-12 तक के ग्रेड बढ़ाए जाएं.
11. ग्रेड न होने के कारण कर्मचारियों में असंतोष है, इसलिए ग्रेड रिवीजन में कम से कम 20,000 रुपये पेमेंट स्लिप में सुनिश्चित किया जाए.
12. मैनपावर कमी के कारण कर्मचारी कैंटीन तक नहीं जा पा रहे और छुट्टी नहीं मिल रही है.
13. कई एक्जीक्यूटिव ग्रेड के कर्मचारी 10-10 वर्ष से एक ही विभाग में हैं, उनका ट्रांसफर किया जाए.
राजेन्द्र सिंह को दी गई श्रद्धांजलि
झारखंड इंटक के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं बेरमो के पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय इंटक के पूर्व महासचिव स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद सिंह को श्रद्धांजलि दी गई. यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने कहा कि स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद सिंह, श्रमिक एकता और अधिकारों के प्रतीक थे. उन्होंने अपने संघर्ष और समर्पण से मजदूर वर्ग को नई दिशा दी. उनका योगदान श्रमिक आंदोलन में सदैव अमिट रहेगा. बैठक में यूनियन के आय-व्यय एवं सावधि खातों की जानकारी कार्यकारिणी सदस्यों को दी गई, जिसे सर्वसम्मति से पास कर दिया गया. मौके पर अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, उपाध्यक्ष परविंदर सिंह, महामंत्री मनोज कुमार सिंह, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट साईं बाबू राजू, वाइस प्रेसिडेंट जगजीत सिंह, सहायक सचिव संजय कुमार सहित अनेक कार्यकारिणी सदस्य मौजूद थे.


