
उदित वाणी,रांची: हेमंत सरकार के उद्योग, श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री सह गोड्डा के राजद विधायक संजय प्रसाद यादव ने अपनी ही सरकार में बालू व पत्थर के अवैध खनन व परिवहन का मामला उठाया और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जांच कराने का आग्रह किया है। मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कांग्रेस विधायक दल के नेता सह पोड़ेयाहाट के विधायक प्रदीप यादव के उस पत्र पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
जिसमें प्रदीप यादव ने गोड्डा के डीसी को एक बालू घाट का उल्लेख करते हुए कहा है कि वहां से अवैध बालू के उठाव से हर दिन 27 लाख रुपये की काली कमाई हो रही है। मंत्री संजय प्रसाद यादव का कहना है कि विधायक प्रदीप यादव ने केवल सनातन घाट का मामला उठाया है। जबकि इस तरह की अवैध गतिविधियां पूरे जिले में है। एक निजी चैनल से बातचीत में मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि संथाल क्षेत्र में अवैध बालू, पत्थर का धंधा जोरों पर है।
इस अवैध धंधे के चलते कई लोगों की जान भी जा चुकी है। अवैध बालू व पत्थर लदे हाइवा व ट्रक चोरी छिपे भागने के चक्कर में नियंत्रण खो देते हैं और इस चक्कर में लोगों की जान ले रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इस पूरे प्रकरण की जांच कराएं और जो भी दोषी हो चाहे वे स्वयं या अन्य कोई जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी ही दोषी क्यों न हो। सबके विरुद्ध कार्रवाई करें। मंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने महगामा थानेदार के विरुद्ध शिकायत की है। इसके बावजूद उसी थानेदार को फिर उनके थाना क्षेत्र में पदस्थापित कर दिया गया। वहीं मंत्री यादव ने उनके उपर लगाये जा रहे आरोपों पर सफाई देते हुए कहा कि महालक्ष्मी ट्रांसपोर्ट से न तो उनका और न ही उनकी पत्नी या बेटे का संबंध है। उनके विरुद्ध गलत अफवाह फैलाई गई है। उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री से मांग करते हैं कि क्षेत्र में काला धंधा बंद हो।

