
उदित वाणी जमशेदपुर: उलीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकोसाई रोड नंबर 5 में शनिवार को एक करते सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हमले में शंकोसाई रोड नंबर 1 निवासी अभिनंदन साहू गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमलावर ने अचानक अभिनंदन साहू पर हमला बोल दिया और उसके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों पर लगातार चापड़ से वार किए। हमले की बर्बरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि युवक लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और खून से सने घायल अभिनंदन को आनन-फानन में इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार, इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश का मामला सामने आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि हमलावर का नाम विजय है, जिसके साथ अभिनंदन का पहले से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच पहले भी कई बार तनाव की स्थिति बन चुकी थी, हालांकि विवाद की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही उलीडीह थाना पुलिस हरकत में आ गई है। मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

