उदित वाणी पटमदा : पटमदा इलाके में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। टाटा-पटमदा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार मैजिक वैन की चपेट में आने से जलडहर गांव निवासी अजीत सहिस (40) की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब अजीत पेट्रोल पंप से अपने घर लौट रहे थे।
पेट्रोल पंप से घर लौटते समय हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बेलटांड़ से झाड़बनी की ओर जा रही एक तेज रफ्तार मैजिक वैन ने अजीत को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि उनके सिर में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना में शामिल वैन को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस हादसे पर गहरा आक्रोश जताया है। उनका कहना है कि टाटा-पटमदा रोड पर तेज रफ्तार वाहनों का खतरा लगातार बढ़ रहा है और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। लोगों ने स्पीड कंट्रोल और पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है।
अजीत सहिस अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटी और दो बेटे हैं। बताया जा रहा है कि दो महीने पहले ही उनके पिता का निधन हुआ था। इस घटना के बाद गांव में मातम और परिवार में चीख-पुकार का माहौल है।


