उदित वाणी, जमशेदपुर: बिरसानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जोन नंबर-4 में शनिवार सुबह उस वक्त मातम पसर गया, जब एक टेल्को कर्मी का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला. मृतक की पहचान 35 वर्षीय सुनील कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद से मृतक के परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.
परमानेंट होने की खुशी नहीं रही लंबे समय तक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनील कुमार टेल्को कंपनी में कार्यरत था. लंबे समय के इंतजार के बाद इसी साल जनवरी महीने में उसे कंपनी में स्थायी (Permanent) नौकरी मिली थी. घर में खुशी का माहौल था, लेकिन शनिवार सुबह आई इस खबर ने सबको झकझोर कर रख दिया.
नशे की हालत में लौटा था घर
परिजनों ने बताया कि शुक्रवार रात सुनील नशे की हालत में घर लौटा था. घर आते ही वह सीधे अपने कमरे में चला गया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया. देर रात जब पत्नी ने उसे भोजन के लिए आवाज दी, तो अंदर से कोई जवाब नहीं आया. पत्नी ने इसे गहरी नींद समझकर ज्यादा तूल नहीं दिया.
दरवाजा तोड़ा तो रह गए दंग
शनिवार सुबह काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो पत्नी को अनहोनी की आशंका हुई. पड़ोसियों की मदद से जब दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर सुनील का शव पंखे के सहारे फंदे से लटका हुआ था. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक अपने पीछे पत्नी और एक मासूम बच्चे को छोड़ गया है.
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. आवश्यक कागजी कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस फिलहाल मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता चल सके.


