
उदित वाणी, जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम चेन छिनतई की एक घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मिलेनियम पार्क के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित महिला, प्रताप कुमार प्रतापी की पत्नी हैं, जो टेल्को कॉलोनी के के-3/39 आवास में रहती हैं। जानकारी के अनुसार, प्रताप कुमार प्रतापी अपनी पत्नी के साथ मिलेनियम पार्क घूमने गए थे। लौटते वक्त शाम करीब 5:40 बजे यह वारदात हुई। अचानक पीछे से आए दो युवकों ने झपट्टा मारकर चेन छीनी और तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित परिवार ने तत्काल टेल्को थाना में इसकी सूचना दी। शुक्रवार को पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना ने एक बार फिर शहर में बढ़ती चेन स्नेचिंग की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है।

