उदित वाणी जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र स्थित क्रॉस रोड नंबर 29 निवासी वीरेंद्र कुमार सिंह के 20 वर्षीय पुत्र आर्यन राज की इलाज के दौरान मौत हो गई। आर्यन शहर के एक उच्च शिक्षण संस्थान में प्रथम वर्ष का छात्र था। परिजनों के अनुसार, 25 फरवरी की देर रात उसने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसे तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना के समय घर में आर्यन और उसके पिता ही मौजूद थे, जबकि उसकी मां बेंगलुरु में अपनी बेटी के पास गई हुई थीं। टेल्को थाना प्रभारी ने बताया कि छात्र के कमरे से सल्फास की गोलियां बरामद हुई हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आर्यन का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आर्यन ने अपनी स्कूली शिक्षा चिन्मया विद्यालय से पूरी की थी और वह मेधावी छात्र बताया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर पढ़ाई के तनाव की चर्चा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले की गहन जांच जारी है।

