उदित वाणी, जमशेदपुर: वर्कर्स कॉलेज में आज रसायन विज्ञान विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नीता सिन्हा के सम्मान में एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। डॉ. सिन्हा का पुनः स्थानांतरण जमशेदपुर कॉपरेटिव कॉलेज में हो गया है।
प्राचार्य ने डॉ. नीता सिन्हा के योगदान को सराहा
विदाई समारोह के अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजीव कुमार ने डॉ. नीता सिन्हा को सम्मानित किया। प्राचार्य ने अपने संबोधन में डॉ. सिन्हा की शैक्षणिक उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए उन्हें एक सजग, जिम्मेदार और नवाचार के प्रति सदैव तत्पर रहने वाली शिक्षिका बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्कर्स कॉलेज की आगामी ‘NAAC’ तैयारियों में डॉ. सिन्हा का सहयोग और मार्गदर्शन भविष्य में भी मिलता रहेगा।
‘वर्कर्स कॉलेज का पारिवारिक वातावरण है दुर्लभ’ – डॉ. नीता सिन्हा
अपने विदाई भाषण में भावुक होते हुए डॉ. नीता सिन्हा ने कहा कि प्रत्येक शिक्षक और संस्थान की अपनी विशिष्टता होती है। उन्होंने वर्कर्स कॉलेज की सराहना करते हुए कहा कि यहाँ जैसा पारिवारिक वातावरण अन्यत्र मिलना दुर्लभ है। साथ ही, उन्होंने कॉलेज प्रशासन को आश्वासन दिया कि ‘NAAC’ की तैयारियों के लिए जब भी उनकी आवश्यकता होगी, वे सहर्ष सहयोग प्रदान करेंगी।
शिक्षक वर्ग ने दी शुभकामनाएँ
इस गरिमामयी अवसर पर महाविद्यालय के सभी विभागों के शिक्षक उपस्थित थे, जिन्होंने डॉ. सिन्हा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रो. कुमारी प्रियंका प्रधान ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अनिलचंद्र पाठक द्वारा दिया गया।


