
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर शहर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिल्ली के विकासपुरी थाना की पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से न्यू बाराद्वारी (देवनगर) इलाके में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने छापेमारी कर नशा तस्करी के गंभीर मामले में वांछित श्रवण जायसवाल उर्फ नीलू को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस को आरोपी के जमशेदपुर में छिपे होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद विकासपुरी थाना की टीम तत्काल शहर पहुंची और सीतारामडेरा थाना पुलिस से संपर्क साधा। संयुक्त रणनीति बनाकर वार्ड नंबर-7 स्थित न्यू बाराद्वारी में घेराबंदी की गई और योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने सीधे आरोपी के घर पर धावा बोला और श्रवण जायसवाल (पिता- जगन्नाथ प्रसाद जायसवाल) को हिरासत में ले लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे देवनगर इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी दिल्ली में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक गंभीर मामले में फरार चल रहा था और लंबे समय से पुलिस की नजर में था। कार्रवाई के बाद दिल्ली पुलिस उसे अपने साथ ले गई है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद नशा तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।

