उदित वाणी,जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धतकीडीह स्थित कुरैशी मुहल्ले में रविवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, कुछ बदमाश गामा होटल के समीप पहुंचे और होटल संचालक के पास हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की। अचानक गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस मामले में दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस फायरिंग कांड में ‘गोरा’ नामक एक कुख्यात बदमाश का नाम भी सामने आ रहा है। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिसके बाद पुलिस ने कपाली इलाके में भी छापेमारी की।
फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इलाके में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो सके।


