
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह क्षेत्र में कार से बकरी चोरी करने वाले गिरोह का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बुधवार शाम करीब सात बजे गोलपहाड़ी स्थित गायत्री मंदिर के पास स्थानीय लोगों ने पीछा कर एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पकड़े गए युवक की पहचान मानगो निवासी राजा के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार बागबेड़ा निवासी रवि कुमार के घर के पास से उसकी बकरी अचानक गायब हो गई। शक होने पर जब उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो एक सफेद रंग की कार में सवार दो युवक संदिग्ध गतिविधि करते दिखे। फुटेज में साफ नजर आया कि दोनों पहले बकरी को ब्रेड खिलाकर अपने पास बुलाते हैं और फिर झटके से उसे कार में डालकर फरार हो जाते हैं।
रवि कुमार ने तत्परता दिखाते हुए कार की तस्वीर स्थानीय युवकों के साथ साझा की। कुछ ही देर में वही कार गोलपहाड़ी की ओर जाती दिखी, जिसके बाद युवकों ने पीछा कर उसे ओवरटेक कर रोक लिया। बकरी चोरी की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और दोनों युवकों की जमकर पिटाई कर दी।
इस अफरा-तफरी के बीच एक आरोपी भागने में सफल रहा, जबकि राजा को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

