
उदित वाणी, पोटका : हरियाणा के भिवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे के निर्माणाधीन साइट पर बुधवार को खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से पोटका के जादूगोड़ा क्षेत्र के बनगोड़ा गांव के चार मजदूर और ईचागढ़ के दो मजदूरों की दुखद मौत हो गई.
इस घटना पर पोटका विधायक संजीव सरदार ने गहरा शोक व्यक्त किया और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की. उन्होंने कहा कि यह हादसा अत्यंत पीड़ादायक है और इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं मृतक परिवारों के साथ हैं.
विधायक संजीव सरदार ने मृतकों के परिजनों की मदद और राहत के लिए झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन एवं कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद से मुलाकात की. इस दौरान ईचागढ़ की विधायक सबिता महतो भी उपस्थित रहीं.
संजीव सरदार ने मंत्री से मांग की कि मृतकों के पार्थिव शरीर को यथाशीघ्र उनके पैतृक गांव तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए. साथ ही जिस कंपनी में मजदूर कार्यरत थे, उससे मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाया जाए और राज्य सरकार द्वारा निर्धारित सभी सहायता राशि भी तुरंत उपलब्ध कराई जाए.
विधायक ने कहा कि सरकार और प्रशासन से अपेक्षा है कि इस दुखद घटना में प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता शीघ्र प्रदान की जाए, ताकि वे इस कठिन समय में सहारा महसूस कर सकें.

