
उदित वाणी, जमशेदपुर: एनआईटी जमशेदपुर में मेटलर्जी विभाग द्वारा जारी टेक्निकल फेस्ट टेक्निका 2023 के कार्यक्रम के दूसरे दिन शनिवार को मेटलमोर्फ प्रतियोगिता के अन्तर्गत प्रतिभागी विद्यार्थियों ने मेटल का माइक्रोस्कोप द्वारा अध्ययन कर दिए गए मेटल को पहचानने का प्रतियोगिता आयोजित हुई.
जिसमें 40 विद्यार्थियों ने भाग लिया. शनिवार को रेटोरिक्स के अन्तर्गत दो सत्रों में विद्यार्थियों के 20 टीम ने शोध पत्र प्रस्तुत किए. वहीं आईपीएस के तहत आज प्रतिभागियों के 8 टीम ने उद्योग से जुड़े दिए गए समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया.
शेष टीम कल प्रतियोगिता से जुड़ेंगे. वहीं 58 विद्यार्थियों ने क्विज प्रतियोगिता में हिस्सा लिया. इसमें उनके विज्ञान, प्रकृति, मेटलर्जी से संबंधित प्रश्नों के सवाल पूछे गए. विज्ञान के साथ संस्कृति का समन्वय करते हुए संध्याकाल में प्रतिभागियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी हुआ.
विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभागियों को टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के पूर्व सलाहकार डॉ माहेश्वरी, एनआईटी के पूर्व प्राध्यापक डॉ बीएन प्रसाद, एनएमएल के वैज्ञानिक डॉ शर्मा पासवान एवं डॉ गोपी मंडल, डॉ बिराज साहू, टाटा स्टील के धीरेन्द्र प्रसाद ने विद्यार्थियों से प्रतियोगिता में सवाल पूछे और उनके शंका का समाधान किया.
कल फेस्ट का अंतिम दिन है, कल मेटल क्विज में विद्यार्थियों के साथ- साथ उद्योग से जुड़े युवा अभियंता भी भाग लेंगे. साथ ही उद्योग जगत से जुड़े एचआर विद्यार्थियों का मॉक इंटरव्यू लेंगे.

