उदित वाणी गिरिडीह : गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत लाल बाजार के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सवारी बस और स्विफ्ट कार के बीच हुई जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतकों की पहचान बिरनी थाना क्षेत्र निवासी 70 वर्षीय बंगाली हाड़ी और 24 वर्षीय कुमकुम कुमारी के रूप में की गई है। वहीं हादसे में सुकरी देवी, तारा देवी, रोनित कुमार, जयनारायण और अरविंद यादव घायल हो गए हैं। सभी कार में सवार थे और देवघर से शादी समारोह से लौट रहे थे। सवारी बस खोरीमहुआ की ओर जा रही थी, जबकि कार देवघर से बिरनी की ओर लौट रही थी। इसी दौरान लाल बाजार के पास विपरीत दिशा से आ रहे दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया गया। सूचना मिलते ही धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह हो सकती है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बताया जा रहा है कि बिरनी थाना क्षेत्र के बरमसिया गांव निवासी जयनारायण राम का परिवार देवघर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। लौटने के दौरान यह हादसा हो गया, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर है।


